
उदयपुर शहर के शक्तिनगर क्षेत्र में लंबे समय से अटका बॉटल नेक प्रोजेक्ट अब पूरा होने की दिशा में बढ़ता नजर आ रहा है। नगर निगम द्वारा सड़क चौड़ीकरण के लिए जिन 8 मकानों का अधिग्रहण किया गया था, उनके प्रभावितों को आखिरकार तीन साल बाद राहत मिली है। इस पूरे मामले में शहर विधायक ताराचंद जैन की अहम भूमिका रही, जिन्होंने स्वायत्त शासन विभाग के प्रमुख सचिव से लेकर कई अधिकारियों को मौके पर ले जाकर स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद फाइल को आगे बढ़ाते हुए कैबिनेट से स्वीकृति दिलवाई गई। गौरतलब है कि पूर्व विधायक गुलाबचंद कटारिया और तत्कालीन महापौर जीएस टांक के कार्यकाल में बॉटल नेक हटाने के लिए मकानों का अधिग्रहण किया गया था। तब प्रभावितों को बदले में भूखण्ड देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन लंबे समय तक यह प्रक्रिया अटकी रही। अब जारी आदेशों के अनुसार, 8 प्रभावितों में से 4 को हिरणमंगरी सेक्टर 11 योजना में और 4 को नगर निगम परिसर में भूखण्ड आवंटित किए जाएंगे। साथ ही प्रत्येक प्रभावित को निर्धारित अंतर राशि जमा करानी होगी।प्रभावितों में सुबील कालरा, कमला देवी, लाजवंती देवी, पुरुषोत्तम लीलानी, ओमप्रकाश डोडेजा, संजय पाहूजा, स्वरूप, विनोद, अनूप, गौरव तुलसीजा, नंदलाल बुधराज, मन कालरा और सुजाता कालरा शामिल हैं, जिन्हें अलग-अलग राशि जमा कर भूखण्ड दिए जाएंगे। इस फैसले के बाद अब शक्तिनगर बॉटल नेक खुलने का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है, जिससे शहर के ट्रैफिक को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
01 May 2026